रुड़की/ बुग्गावाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पकौड़े बेचने संबंधित बयान भले ही विपक्षी दलों के नेताओं को नहीं भाया हो लेकिन उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर देहरादून मार्ग पर स्थित बिहारीगढ़ के पकौड़ी विक्रेताओं को यह बयान काफी भा रहा है। यहां की पकौड़ियां दूर-दूर तक मशहूर हैं। यहां के दुकानदार इसे अपने व्यवसाय के लिए बड़े सम्मान के तौर पर देख रहे हैं।
पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में पकौड़े बेचने को भी रोजगार से जोड़ने की बात कही थी। उनके इस बयान को लेकर देशभर में विपक्षी दल बड़े राजनीतिक मुद्दे के तौर पर देख रहे हैं। हर रोज कहीं न कहीं विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं लेकिन उत्तराखंड और यूपी की सीमा पर स्थित बिहारीगढ़ में अलग ही माहौल है। बिहारीगढ़ हाईवे पर स्थित यूपी केे सहारनपुर जिले का सीमावर्ती कस्बा है यहां की खासियत यह है कि यहां पकोड़ियों का पूरा बाजार लगता है। एक ही बाजार में करीब 40 दुकानें हैं जहां पकौडिय़ों का बड़ा कारोबार है। हजारों लोग इस कारोबार के भरोसे अपना जीवन यापन कर रहे हैं। बिहारीगढ़ की पकौड़ियां आसपास के क्षेत्र में तो मशहूर है हीं उत्तराखंड, यूपी, चंडीगढ़, पंजाब हिमाचल प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के जितने भी यात्री इस मार्ग से होकर गुजरते हैं उन सबके लिए बिहारीगढ़ की पकौड़ियां खासी पसंदीदा बताई जाती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान से पकौड़ों के रोजगार की बात सुनने के बाद से यहां के दुकानदार अपने रोजगार के प्रति और भी ज्यादा सम्मान की दृष्टि से देख रहे हैं।
तीन पीढ़ियों से पकौड़ों की दुकान चलाने वाले सुखबीर सिंह का कहना है कि बिहारीगढ़ की पकौड़ियां अपने विशिष्ट स्वाद के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बयान उनके लिए सम्मान से कम नहीं है क्योंकि काम कोई भी छोटा अथवा बड़ा नहीं होता। स्थानीय निवासी मोहन सैनी, यशपाल प्रजापति, राजपाल सिंह और अरुणा आदि दुकानदारों के अनुसार भी प्रधानमंत्री का बयान इन लोगों के लिए किसी सम्मान से कम नहीं है।
शर्मिला टैगौर और संजय खान सरीखी शख्सियत भी हैं दीवानी
बुग्गावाला। दुकानदारों और आसपास के लोगों की मानें तो बिहारीगढ़ की पकौड़ियों के स्वाद की मुरीद जानी मानी फि ल्म अभिनेत्री शर्मिला टैगौर, अभिनेता संजय खान, कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, पूर्व मंत्री रशीद मसूद, असलम खान समेत अनेक राजनीतिक और अन्य क्षेत्रों की हस्तियां भी रही हैं। इनमें से कई लोगों के बुग्गावाला और आसपास के क्षेत्रों में अपने फार्म हाउस हैं। लोगों की मानें तो जब भी ये लोग यहां आते हैं तो खाने के लिए उनकी सबसे पसंदीदा चीज बिहारीगढ़ की पकौड़ियां ही रहती हैं। शर्मिला टैगैर, सैफ अली खान आदि के लिए तो विशेष रूप से पकौड़ियां पैक कर उनके फार्म हाउस पर ही भेजी जाती रही है।