राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच) रुड़की में जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विषय पर द्वि-साप्ताहिक क्षेत्रीय अध्ययन-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 24 सितंबर से नौ अक्तूबर तक चलने वाले कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन विभाग के 27 क्लास-एक सिविल अभियंता प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम महाराष्ट्र इंजीनियरिंग प्रशिक्षण अकादमी, नासिक के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन एनआईएच के प्रभारी निदेशक डॉ. एआर सेंथिल कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि अभियंताओं के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ और अनुभव भी जरूरी है। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों की तकनीकी क्षमता, व्यावहारिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करना है। कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी एवं संवादात्मक सत्र, प्रयोगशाला भ्रमण और क्षेत्रीय अध्ययन शामिल हैं।
प्रतिभागियों को भीमगोड़ा बैराज, सोलानी एक्वाडक्ट, टिहरी बांध एवं पावर हाउस, ऋषिकेश, चिल्ला जलविद्युत परियोजना और वीरभद्र बैराज समेत प्रमुख जल संसाधन परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा। आईआईआरएस, एफआरआई, सीबीआरआई और आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों के साथ भी शैक्षणिक संवाद होगा।