रुड़की। शहर में लंबे समय बाद वैक्सीनेशन शुरू होने पर टीका लगवाने वाले लोगों की टीकाकरण केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान 2556 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें 18 से ऊपर वाले 2056 लोगों और 45 से ऊपर वाले 500 लोगों ने टीका लगवाया।
बृहस्पतिवार को शहर में 18 और 45 से ऊपर वाले लोगों के लिए छह सेंटर खोले गए थे। ऐसे में दोनों ही आयु वर्ग के वैक्सीनेशन सेंटरों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की परियोजना प्रबंधक रंजना भटनागर ने बताया कि बृहस्पतिवार को बीएसएम इंटर कॉलेज, मूलराज इंटर कॉलेज, गांधी महिला शिल्प विद्यालय, स्कूल नंबर 14, हेल्पिंग हैंड और सिविल अस्पताल में वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए थे। इस दौरान 18 से ऊपर वाले 2056 लोगों, जबकि 45 से ऊपर वाले 500 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान सबको कोविशील्ड की पहली और दूसरी डोज लगाई गई।
4500 लोगों को लगाई गई कोरोना वैक्सीन
खानपुर/लक्सर। खानपुर और लक्सर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 23 केंद्र बनाकर लगभग साढे़ चार हजार लोगों का कोविड टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम आशीष शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को लक्सर क्षेत्र में पीपली, मुंडाखेड़ा खुर्द, पुरवाला, खरंजा, भगतनपुर, महाराजपुर कलां, मुंडाखेड़ा कलां, खेड़ी कलां, निहंदपुर, केवलपुरी, नंदपुर, फतवा, सुलतानपुर, बीआरसी परिसर लक्सर में 2905 लोगों का कोविड टीकाकरण किया गया। वहीं खानपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को खानपुर क्षेत्र के दल्लावाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नाईवाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चंद्रपुरी कला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खानपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पोडोवाली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बालावाली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मिर्जापुर सादात के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भारूवाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, धर्मपुर के आंगनबाड़ी केंद्र, रूहालकी के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मोहम्मदपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और मथाना के राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगभग 1500 लोगों का कोविड वैक्सीनेशन किया गया।
फोटो समाचार:
वैक्सीनेशन सेंटर पर नहीं हो रहा नियमों का पालन
मंगलौर। सरकार की ओर से लगातार शारीरिक दूरी और मास्क लगाने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका परिषद मंगलौर परिसर में वैक्सीनेशन सेंटर पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है। इस कारण लोगों को तीसरी लहर का खतरा सता रहा है। मंगलौर नगर पालिका परिषद हाल में कोरोना वैक्सीन लगाए जाने के लिए सेंटर बनाया गए हैं। बृहस्पतिवार को मंगलौर के वैक्सीनेशन सेंटर पर पहली और दूसरी डोज के पहुंचने की जानकारी पर सुबह से ही नगर पालिका में भीड़ लग गई। वैक्सीन के दौरान उमड़ी भीड़ से नियमों की धज्जियां उड़ीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि लोगों से गाइडलाइन का पालन कर वैक्सीन लगवाने की अपील की जा रही है। संवाद