रुड़की। जिले में आज सोमवार से यातायात सप्ताह मनाया जाएगा। पुलिस की ओर से स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों और शहर के लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।
यातायात निरीक्षक बिपेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह 23 से 29 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों में यातायात पुलिस की ओर से शिविर लगाकर छात्रों को यातायात के विषय में जागरूक किया जाएगा। आम लोगों को भी यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से
सही ड्राइविंग के फायदे और गलत ड्राइविंग के नुकसान भी बताए जाएंगे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी यातायात के नियम बताए जाएंगे। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान बस, कार, ऑटो विक्रम, ट्रक यूनियनों के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे, उन्हें भी रोड सेफ्टी से संबंधित टिप्स दिए जाएंगे। इस दौरान वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप के फायदे और हाईबीम से होने वाले नुकसान के विषय में भी जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।