सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी कर ली गई। युवक के खाते से ठग से 21 हजार रुपये निकाल लिए गए। युवक को व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर झांसे में लिया गया था। पीड़ित ने अब कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ढंढेड़ी ख्वाजगीपुर निवासी सनी सैनी ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि वह एक कंपनी में नौकरी करता है। उसका शहर के एक बैंक में खाता है। उसने अपने खाते में क्रेडिट कार्ड भी लिया हुआ है। रविवार को उसे एक फोन आया और उसने खुद को बैंक का एक अधिकारी बताया। तब उसने सनी को क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी। इससे उसे पूरा यकीन हो गया कि वह बैंक का ही अधिकारी बोल रहा है।
तब ठग ने सनी से कहा कि वह अपने कार्ड की क्रेडिट लिमिट बढ़ा सकते हैं। इसके लिए उन्हें बैंक से खास ऑफर मिला है। इसके लिए कुछ ऑनलाइन औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। युवक ने हामी भर दी। ठग ने उसे व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज देखने पर पता चला कि उसके खाते से किसी ने 21 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इतने में वह बैंक अधिकारी बने ठग को फिर से फोन करने लगा लेकिन वह नंबर तब तक बंद हो चुका है। पीड़ित युवक ने अब सोमवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।