रुड़की में लंबे समय बाद एक साथ 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें सिविल अस्पताल के सैंपलिंग के नोडल अधिकारी, एक डॉक्टर और कर्मचारी समेत चार लोग शामिल हैं। जो लोग संक्रमित पाए गए हैं अब उनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने की तैयारी की जा रही है। संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने काफी समय पहले ही कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जता दी थी। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे थे। अब धीरे-धीरे संक्रमितों की संख्या दोबारा बढ़ने लगी है। दो दिन पहले जहां रुड़की में छह मरीज आए थे। वहीं एक ही दिन में तीन गुना मरीज सामने आए हैं। मंगलवार को एक साथ 21 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें रुड़की में कोविड सैंपलिंग के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी समेत सिविल अस्पताल की एक स्टाफ नर्स, एक लिपिक और एक कर्मी की पत्नी भी शामिल है। इसके अलावा गणेश विहार, बीईजी रुड़की, मोहनपुरा, आवास विकास, सिविल लाइंस, पूर्वावली गणेशपुर, एमएच रुड़की से कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग अब इनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेने की तैयारी कर रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में अब लापरवाही किसी खतरे से खाली नहीं है। सभी लोग कोरोना के नियमों का पालन करें।