ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर। बुधवार की रात लक्सर शुगर मिल में गन्ना बेचकर घर लौट रहे पोडोवाली गांव निवासी किसान का ट्रैक्टर कान्हेवाली के पास सड़क किनारे गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान की मौके पर ही ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खानपुर थाना क्षेत्र के पोडोवाली गांव निवासी कंवरपाल पुत्र बीरबल (40) बुधवार को लक्सर शुगर मिल में गन्ना बेचने गया था। बुधवार की रात करीब 11 बजे जब वह गन्ना बेचकर वापस अपने घर जा रहा था, जब वह कान्हेवाली गांव से पोडोवाली की ओर एक मोड़ पर किसान का ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे कंवरपाल ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात को यहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने इसकी जानकारी खानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खानपुर थानाध्यक्ष दिलमोहन सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को सीधा किया। उसके बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे कंवरपाल के शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष दिलमोहन सिंह ने बताया कि कंवरपाल के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पोडोवाली के ग्राम प्रधान संजय कुमार ने बताया कि वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। कंवरपाल की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।