मंगलौर। मीट की दुकानें बंद कराने पहुंची पालिका प्रशासन की टीम और पुलिस को देख कर दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले। पालिका प्रशासन की कार्रवाई से मीट विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
हाईकोर्ट के आदेश पर क्षेत्र में मीट की दुकानों संचालन बंद है। नगर पालिका प्रशासन को काफी दिनों से नगर में मीट की दुकानें खुली होने की सूचना मिल रही थी। जानकारी मिलने पर पालिका प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मोहल्ला किला में पहुंचे तो इस दौरान कई दुकानें खुली मिलीं। पालिका टीम व पुलिस को आता देख दुकानदारों ने धड़ाधड़ दुकानें बंद कर दी। कुछ दुकानदार मौका मिलते ही भाग निकले। सेनेटरी इंस्पेक्टर का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में दुकानें बंद कराई गई थी। इसके बावजूद भी कोई मीट विक्रेता दुकान खोलता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।