ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) ने बुधवार को लक्सर रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिजर्वेशन क्लर्क और मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक का कैश चेक किया। वहीं, रेलवे स्टेशन पर सीएमआई के औचक निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत सामान रखने वाले वेंडरों में भगदड़ की स्थिति मच गई। उन्होंने करीब दो घंटे तक स्टेशन का निरीक्षण किया।
बुधवार सुबह सीएमआई अजय तोमर ने रुड़की रेलवे स्टेशन पर जम्मूतवी से गुवाहाटी जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस में लगे रसोई यान को चेक किया। उन्होंने यान में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों से भी जानकारी की। इसके बाद वह लक्सर में ट्रेन से उतर गए और लक्सर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद वे रिजर्वेशन काउंटर, पार्सल घर आदि स्थानों पर गए और बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रिजर्वेशन क्लर्क शाहरुख खान का कैश चेक किया। जांच के दौरान कैश पूरा मिला। वहीं, मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक कुशल कुमार और मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर प्रमोद कुमार का भी कैश चेक किया गया गया। साथ ही वहां रखी फाइलों को भी बारीकी से खंगाला गया। सीएमआई अजय तोमर उन्होंने बताया कि स्टेशनों को साफ सुथरा बनाने के लिए रेलवे कृत संकल्पित है।