ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। रंगों का पर्व होली का त्योहार नजदीक आ रहा है। पर्व को शांति व सौहार्द पूर्ण माहौल में मनाने के लिए पुलिस प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है। इसके तहत थानों व कोतवाली में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को सिविल लाइंस कोतवाली व गंगनहर कोतवाली में शांति समिति की बैठक की गई। बैठक में पर्व को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
सिविल लाइंस कोतवाली में शांति समिति की बैठक में सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने कहा कि होली का त्योहार भाईचारे का पर्व है। सभी लोगों को होली के पर्व को भाईचारे के साथ मिलकर मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपको लगता है कि कोई भी व्यक्ति समाज में माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहा है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अराजकतत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा कि होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अगर कोई माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसएसआई प्रशांत बहुगुणा, एसआई अंकुर शर्मा, एसआई मनसा ध्यानी समेत चौधरी गुलशन रोड, एडवोकेट वसीम समेत आदि मौजूद रहे। उधर, गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने शक्ति विहार, तेलीवाला, पाड़ली गुर्जर समेत कई गांवों में ग्रामीणों की बैठक ली। साथ ही होली का पर्व प्रेमभाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस दौरान एसएसआई रणजीत तोमर, एसआई प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।