ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
लक्सर शुगर मिल ने वर्तमान पेराई सत्र का करीब 34 करोड़ रुपया गन्ना समितियों को जारी कर दिया है। जल्द ही गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों के खातों में रुपये पहुंचेंगे।
लक्सर शुगर मिल ने वर्तमान पेराई सत्र का एक से 15 जनवरी 2019 तक का 34 करोड़ 16 लाख रुपये का भुगतान गन्ना समितियों को भेज दिया है। ज्ञात हो कि आठ मार्च को लक्सर शुगर मिल ने विगत पेराई सत्र का भी पांच करोड़ 47 लाख रुपये दिया था। प्रधान प्रबंधक अजय खंडेलवाल ने बताया कि विगत पेराई सत्र के भुगतान को लेकर साफ्ट लोन की प्रक्रिया चल रही है। इससे विगत सत्र का बकाया भुगतान जल्द ही कर दिया जाएगा। प्रधान प्रबंधक अजय खंडेलवाल ने किसानों से आह्वान किया है कि गन्ने की प्रजाति सीओ 0188, सीओजे 85, सीओ 0238 और जलभराव वाले क्षेत्र में सीओ 98014 प्रजाति की चार से पांच फीट की दूरी पर बुआई करें। अच्छी पैदावार होने के कारण किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।