विशेष श्रेणी के टिकटों में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद से निगम मुख्यालय लगातार परिचालकों को टिकट बनाते समय सतर्कता बरतने के निर्देश दे रहा है। डिपो के एजीएम व एसएसआई को भी प्रतिदिन विशेष श्रेणी के टिकटों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद टिकटों में गड़बड़ी के मामले आ रहे हैं। थक हारकर डिपो अधिकारी मुख्यालय के आदेश को सूचना पट पर लिख कर परिचालकों को सचेत कर रहे हैं।
विशेष श्रेणी के टिकटों में गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद निगम मुख्यालय प्रतिदिन डिपो अधिकारियों को सतर्कता बरतने को निर्देशित कर रहा है। साथ ही परिचालकों को विशेष श्रेणी के टिकट बनाते समय परिचय पत्र के पूरे नंबर डालने के निर्देश दे रहा है। आधार कार्ड के पूरे 12 नंबर टिकट मशीन में फीड करने के भी आदेश हैं। इसके बावजूद डिपो के कुछ परिचालक टिकट बनाते समय मुख्यालय के आदेशों को पालन नहीं कर रहे हैं। जिसकी वजह से विशेष श्रेणी के टिकटों में अब भी गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक कुछ परिचालक आदेशों की जानकारी नहीं होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। परेशान अधिकारियों ने परिचालकों को सूचित करने के लिए निगम मुख्यालय के आदेशों को अब वह सीधा सूचना पट पर लिख रहे हैं। सूचना पट पर स्पष्ट रूप से लिखा जा रहा है कि सभी परिचालकों को सूचित किया जाता है, कि ई-टिकटिंग मशीन में सीनियर सिटीजन की प्रवष्टि देखकर करें। आर्मी वारंट की प्रवष्टि न करें। अधिकारियों के मुताबिक परिचालकों को इस संबंध में मालूम है फिर भी कुछ परिचालक दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं।