अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
सीडीओ स्वाति सिंह भदौरिया ने खानपुर और भगवानपुर के बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। दोनों ब्लाक में जहां प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति बेहद मंद है, वहीं खानपुर में सड़क निर्माण और भगवानपुर में मनरेगा के काम में अनियमितता का आरोप है। इन दिनों विभाग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणधीन मकानों को लेकर खासा सख्त है।
खानपुर ब्लाक के भारुवाला गांव में एक सड़क को लेकर हाईकोर्ट से स्टे आर्डर है। इसमें एक पक्ष खानपुर की बीडीओ शिवरानी चौहान है।
सीडीओ स्वाति सिंह भदौरिया का कहना है कि खानपुर में जहां सड़क निर्माण में स्टे होने के बावजूद काम शुरू करने की स्वीकृति मांगी गई है, वहीं भगवानपुर में मनरेगा के धन आवंटित में अनियमिता होने का मामला सामने आया है। इसके साथ ही दोनों ब्लाक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति अच्छी नहीं हैं। जिसके चलते खानपुर की बीडीओ शिवरानी चौहान और भगवानपुर के बीडीओ धामीलाल पोसवाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे 64 आवासों के सापेक्ष मात्र दो ही आवास पूरे हुए हैं। इसके साथ ही भगवानपुर ब्लाक में मनरेगा के धनांवटन में अनियमितता का मामला सामने आया है। इस मामले में चार अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई हैं। ब्लाक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति रिपोर्ट भी बेहद कम हैं।
खानपुर की बीडीओ शिवरानी चौहान का कहना है कि सड़क मामले में स्पष्टीकरण का जवाब दे दिया है। प्रतिकूल प्रविष्टि देने का मामला संज्ञान में नहीं है।