ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की/लक्सर/झबरेड़ा/मंगलौर। विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मतदान केंद्रों के बाहर लगाए गए बस्तों पर मतदाता पर्चियों पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो लगी होने पर हंगामा खड़ा हो गया। रुड़की में पुलिस ने मतदाता पर्ची जब्त कर तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वहीं इसे लेकर लक्सर क्षेत्र में बसपा प्रत्याशी अंतरिक्ष सैनी ने, मंगलौर में विधायक काजी निजामुद्दीन ने और झबरेड़ा में कई लोगों ने तहरीर देकर भाजपा प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
रुड़की में नगर निगम निगम के समीप एक बूथ पर भाजपा के बस्ते पर प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक की फोटो लगी मतदाता पर्चियां एक बैग में रखी थी। किसी ने इसकी शिकायत पुलिस से की और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होते देख पुलिस ने पर्चियां जब्त करने के साथ ही तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके अलावा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने भी शहरी क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा प्रत्याशी की फोटो लगी पर्चियां जब्त की। वहीं, लक्सर तहसील क्षेत्र के निरंजनपुर व सीमली गांव में बनाए गए मतदान केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो लगी पर्चियां बांटी जा रही थी। इसे लेकर कुछ लोगों ने हंगामा किया। उन्होंने इसकी जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सोहन सिंह को दी। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थक का बस्ता जब्त कर लिया और लोगों को समझाकर शांत कराया। मामले में बसपा प्रत्याशी डॉ. अंतरिक्ष सैनी ने लक्सर कोतवाली पुलिस को भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह का कहना है कि इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कस्बा झबरेड़ा में मतदान स्थल डीएवी कॉलेज के समीप प्रत्याशी डॉ. निशंक तथा पीएम मोदी की तस्वीर छपी हुई पर्चियां रखी थी। इस दौरान बसपा एवं भीम आर्मी के कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बताया गया है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के साथ भी बहस शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। साथ ही पर्चियों को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन की ओर से विभिन्न मतदान स्थलों पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो लगी पर्चियां बांटे जाने पर कोतवाली में तहरीर दी है।
भगवानपुर में भी हुआ हंगामा
भगवानपुर। क्षेत्र के शाहपुर में मतदान पर्ची के साथ भाजपा प्रत्याशी का फोटो और चुनाव चिह्न दिए जाने को लेकर एक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए जमकर हंगामा किया। इन लोगों का कहना था कि भाजपा पार्टी के एजेंट मतदान पर्ची के साथ पार्टी का सिंबल दे रहे हैं, चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है। इन दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। किसी ने मामले की सूचना एसडीएम संतोष कुमार पांडेय को दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को मतदान पर्ची के साथ पार्टी का सिंबल न देने की चेतावनी दी।