ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। मतदान के उत्साह से लबरेज लोगों ने जी भरकर वोट डाले। जैसे-जैसे सूरज ने आसमान में तपिश बढ़ाई तो वोट के प्रतिशत में भी वृद्धि देखी गई। रुड़की विधानसभा में हरिद्वार के मुकाबले एक प्रतिशत ज्यादा वोटिंग हुई। हरिद्वार नगर में 62.5 तथा रुड़की में 63.5 प्रतिशत मतदान हुआ। हरिद्वार लोकसभा की विधानसभाओं में लक्सर और ज्वालापुर में 77.22 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान हर घंटे में वोट प्रतिशत का इजाफा होता रहा। पहले एक घंटे में कई जगहों पर ईवीएम मशीन ठीक से नहीं चल पाने के कारण मतदान प्रतिशत में कमी देखी गई। सुबह नौ बजे तक सभी विधानसभाओं में औसतन मात्र नौ प्रतिशत ही मतदान हो पाया था।
हरिद्वार लोकसभा चुनाव में सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही बूथों पर लोगों की कतारें लगनी शुरू हो गई थी। सुबह नौ बजे तक हरिद्वार में सबसे कम आठ प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि सबसे अधिक 30 प्रतिशत मतदान हरिद्वार ग्रामीण के मतदाताओं ने कर दिया था। वहीं, नौ बजे तक रुड़की में 13 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। इसके दो घंटे बाद सुबह 11 बजे सभी विधानसभाओं का वोट प्रतिशत बढ़कर 34 प्रतिशत पर जा पहुंचा। दोपहर एक बजे 49.23 प्रतिशत, शाम तीन बजे 63.05 प्रतिशत तथा शाम पांच बजे 72.16 प्रतिशत वोटिंग हुई। यहां गौर करने लायक यह रहा कि नौ बजे से 11 बजे के बीच मतदान प्रतिशत में 25 प्रतिशत वृद्धि हुई। जबकि 11 बजे से एक बजे के बीच 15 प्रतिशत वृद्धि हुई। एक बजे से तीन बजे के बीच 14 प्रतिशत तथा शाम तीन बजे से पांच बजे के बीच वोट प्रतिशत में नौ प्रतिशत का इजाफा हुआ। मतदान संपन्न होने पर चुनाव आयोग की ओर से सभी विधानसभाओं में 72.16 प्रतिशत वोटिंग की घोषणा हुई। छुटपुट घटनाओं और छोटे-मोटे हंगामे के बीच मतदाता संपन्न हुआ।
विधानसभा समय सुबह नौ बजे 11 बजे एक बजे तीन बजे पांच बजे
हरिद्वार 8.00 23.05 46.5 55.5 62.5
बीएचईएल 30.00 32.3 48.2 58.9 68.2
ज्वालापुर 9.5 32.5 53.0 67.2 76.5
भगवानपुर 9.5 37.0 55.5 66.8 77.2
झबरेड़ा 17.7 35.0 48.0 65.0-75.4
पिरान कलियर 9.5 36.2 59.9 62.6 74.0
रुड़की 13.05 26.5 47.0 54.0 63.5
खानपुर 12.0 35.0 50.5 61.8 74.1
मंगलौर 15.0 33.0 48.3 58.7 68.4
लक्सर 15.5 36.0 57.0 74.7 77.2
हरिद्वार ग्रामीण 30.0 38.0 55.4 67.7 77.4
कुल 09.05 34.0 49.2 63.05 72.16