ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। जल निकासी की समस्या को लेकर मोहनपुरावासियों ने रुड़की तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जेएम नितिका खंडेलवाल से समस्या के समाधान की मांग की है।
बुधवार को तहसील पहुंचे लोगों का कहना था कि मोहनपुरा और गोल भट्टा में काफी समय से जलभराव और निकासी की समस्या बरकरार है। चोक नालियों की वजह से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बजबजा रहा है, जिससे कीड़े और मच्छर पनप रहे हैं। वहीं मलेरिया, डेंगू, हैजा जैसी गंभीर बीमारियां दस्तक दे रही हैं। लोगों का यह भी कहना था कि छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने जाने में बहुत समस्या का सामना करना पड़ता है। इस विषय में कई बार ग्राम प्रधान को भी कहा जा चुका है, समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने समस्या के समाधान की मांग की है। इस दौरान अमर बेनीवाल, रेनू वर्मा, मुकेश कुमार, ममता, माया देवी, सुशील देवी, रानी, सीमा, सुरेश देवी, विनोद देवी, रेनू व कृष्णा आदि मौजूद रहीं।