ब्यूरो/अमर उजाला, पिरान कलियर
किसानों ने ग्राम इब्राहिमपुर मसाही के तौल केंद्र पर घटतौली को लेकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित किसानों ने तौल बाबू का भी घेराव किया। मौके पर पहुंचे गन्ना समिति के अधिकारियों ने पहुंचकर मामला शांत किया।
गांव इब्राहिमपुर मसाही में इकबालपुर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र लगा हुआ है। शनिवार को एक किसान गन्ने को पहले ही तौलकर लाया था। मिल के कांटे पर गन्ना तुलवाने पर उसके भार में घटतौली पाई गई। मिल के कांटे में घटतौली को लेकर तौल बाबू और किसान में नोक झोंक हुई। किसान ने घटतौली की शिकायत अन्य किसानों और किसान यूनियन अंबावत पदाधिकारियों को दी। आक्रोशित किसानों ने तौल बाबू को का घेराव किया। हंगामे की सूचना पर गन्ना सचिव कुलदीप तोमर व ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक दिग्विजय सिंह ने केंद्र पर पहुंचे और मामला शांत किया। सगठन के पदाधिकारियों व किसानो ने मांग की कि आज तक जितनी भी घटतौली हुई है, उसका गन्ना, पर्चियों में चढ़ा जाए। अन्यथा वह आंदोलन करेंगे। गन्ना सचिव कुलदीप तोमर का कहना है कि तोल केंद्र की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पदम सिंह, पहल सिंह पंवान, अनिल चौधरी, युद्धवीर सिंह, राजेंद्र, मनोज सैनी, संजीव सैनी व राजू सैनी आदि मौजूद रहे।