लक्सर। युवती के रिश्तेदार ने उसका रिश्ता तुड़वाने के इरादे से उसके कुछ आपत्तिजनक पर्चे छपवाकर बंटवा दिए। इतना ही नहीं, रिश्तेदार युवक द्वारा युवती के आपत्तिजनक पर्चे उसके मंगेतर के पास भी पहुंचा दिए। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को कोतवाली बुला लिया, जहां मुअज्जिज लोगों की सहमति पर मामले का निपटारा हो गया।
तहसील क्षेत्र के एक युवक का रिश्ता पिछले दिनों जनपद सहारनपुर की देवबंद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुआ। बताया जाता है कि युवक के ससुराल वालों की पथरी थाना क्षेत्र के सराय गांव में कोई रिश्तेदारी है। सराय गांव का युवक लक्सर क्षेत्र के युवक को अच्छी तरह से जानता है। बताया जाता है कि सराय के युवक ने रिश्ता तुड़वाने की मंशा से युवती के कुछ आपत्तिजनक पर्चे छपवा लिए तथा उन्हें लक्सर क्षेत्र में बंटवा दिया। इतना नहीं, उक्त युवक ने इन पर्चों को लक्सर क्षेत्र के गांव के पास भी भेज दिया। इस पर लक्सर के युवक ने परिजनों के साथ पहुंचकर मामले की शिकायत की। शिकायत किए जाने के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने सराय के युवक को लक्सर कोतवाली बुलवा लिया। इस बीच लड़की पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। बताया जाता है कि पहले तो युवक पर्चों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से साफ इनकार करता रहा, लेकिन जब पुलिस द्वारा उसके सामने साक्ष्य प्रस्तुत किया गया तो उसने अपने किए पर शर्मिंदगी महसूस की। उसने अपने रिश्तेदारों व पुलिस के सामने भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत के लिए माफी भी मांगी। इसके बाद मौजूद लोगों की सहमति के आधार पर मामले का निपटारा हो गया। कोतवाल अमरचंद शर्मा का कहना है कि शिकायतकर्ता द्वारा बाद में किसी प्रकार की कार्रवाई न करने की बात कहते हुए उन्होंने आपस में मामले का निपटारा कर लिया है। इसके बाद आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।