रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सिरे चढ़ाने में जुटे प्रशासन ने अब गांवों में भी स्वच्छता अभियान को तेजी से लागू करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए जिलाधिकारी दीपक रावत के निर्देशन में नई कार्ययोजना शुरू की गई है। इसके लिए प्रशासन ने ग्रामीणों को शौच के लिए प्रयुक्त किए जाने वाले स्थानों पर पूजे जाने वाले पेड़ पीपल, बरगद और रुद्राक्ष आदि लगाने का निर्णय लिया ।
मुख्य विकास अधिकारी स्वाति सिंह भदौरिया ने बताया कि जिले भर की ग्राम पंचायतों के लिए यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत ग्राम पंचायतों के ऐसे क्षेत्र जिन्हें लोग ज्यादातर खुले में शौच जाने के लिए प्रयोग में लाते हैं। ऐसे स्थानों पर पीपल, बरगद और रुद्राक्ष आदि के पेड़ लगाए जाएं। इस योजना के पीछे प्रशासन की मंशा यह है कि धार्मिक आस्था के प्रतीक माने जाने वाले इन पेड़ों को लगाए जाने से लोग उनके आसपास गंदगी करने से बचेंगे।
उन्होने बताया कि सभी ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकता है अथवा खुले में शौच करते पाया जाता है तो शहरों की तरह गांवों में भी ऐसे लोगों पर अर्थदंड लगाया जाए । इस व्यवस्था को तत्काल शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।