लक्सर। प्रतिबंध के बावजूद लक्सर कस्बे में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद नगर में ओवरलोड भारी वाहन बेरोक टोक दौड़ रहे हैं।
मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों के कारण रोजाना जाम लग रहा है। ओवरलोड वाहनों के कारण हादसे भी हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस प्रशासन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्थानीय लोगों तथा विभिन्न संगठनों की शिकायत पर पिछले दिनों एसडीएम और सीओ ने नगर में ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान अधिकारियों की ओर से नगर की यातायात व्यवस्था तथा हादसों को देखते हुए नगर में सुबह छह से दस बजे तक तथा दोपहर एक से तीन बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करने तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। किसी ने भी नियमों का पालन नहीं किया।
नो इंट्री के बावजूद यदि भारी वाहन दौड़ रहे हैं तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को सख्त निर्देश दिए जाएंगे।
कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम लक्सर