ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
इकबालपुर शुगर मिल की मुसीबतें और बढ़ गई है। किसानों के बाद अब शुगर मिल के कर्मचारियों ने भी वेतन न मिलने को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसान पहले ही 29 दिन से भुगतान को लेकर इकबालपुर शुगर मिल पर धरना दे रहे हैं। हालांकि आज तक मामले को लेकर कोई कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
किसानों का इकबालपुर शुगर मिल पर करीब 144 करोड़ रुपया बकाया है। किसान भुगतान जारी कराने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक भुगतान की पाई-पाई जारी नहीं हो जाती है, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। मंगलवार को किसानों ने धरना-प्रदर्शन पर गन्ने की होली भी जलाई। इसके साथ ही मंगलवार को शुगर मिल के कर्मचारी वेतन लेने पहुंचे थे, लेकिन किसी कारण से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि काफी समय से वेतन को लेकर कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा था। इसके चलते मंगलवार को कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि शुगर मिल लगातार कर्मचारियों व किसानों का रोषण कर रहा है। शुगर मिल के कर्मचारियों ने बाहर आकर किसानों के धरने को भी संबोधित किया, जबकि कर्मचारी शुगर मिल के अंदर धरना दे रहे हैं। इस दौरान राजकुमार, ईश्वरपाल, मुकेश पाटिल, सुभाष कुमार, महावीर सिंह, संजय, अरुण, राजू, महिपाल, महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।