रुड़की। लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि ‘मैं गोकशी का विरोध कर रहा हूं। इसलिए कुछ लोग मेरे ऊपर हमला करने की फिराक में हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों ने कोई अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध नहीं कराई है’।
शुक्रवार को लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने फोन पर अमर उजाला से बातचीत में बताया कि मंगलौर क्षेत्र में पशुओं को काटने के लिए स्लाटर हाउस बन रहा है। इसके लिए बाकायदा नगर पालिका की ओर से जमीन भी उपलब्ध करा दी गई है। मंगलौर क्षेत्र में इस हाउस बनने का वह विरोध करेंगे। किसी भी दशा में वह इसे नहीं बनने देंगे। कहा कि मंगलौर ही नहीं बल्कि देवभूमि में किसी भी जगह वह स्लाटर हाउस नहीं बनने देंगे। वह हमेशा गोकशी के विरोध में रहे हैं और किसी भी दशा में क्षेत्र में गोकशी नहीं होने देंगे। गोकशी व स्लाटर हाउस का विरोध करने पर गोकशी में संलिप्त कुछ माफिया से उन्हें अपनी जान का खतरा है। ये लोग कभी भी उन पर हमला कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की थी। अधिकारियों ने सुरक्षा देने का भरोसा भी उन्हें दिया था, लेकिन अभी तक अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।