रुड़की। मिशन रूबेला के तहत 23 दिसंबर से छूटे बच्चों के घर-घर टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। 22 दिसंबर तक स्कूलों और मदरसों में टीकाकरण पूरा करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग ने दिए हुए हैं।
बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश में मिशन रूबेला की शुरूआत अक्तूबर महीने के अंत में की थी। इसके तहत नौ माह से 15 साल तक के बच्चों का टीकाकरण करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई थी। विभाग ने टीकाकरण की शुरूआत स्कूलों और मदरसों में की थी। सोमवार तक स्कूलों और मदरसों में करीब 90 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण हो चुका है लेकिन, अब भी दस प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण होना शेष है। अब स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किए हैं कि स्कूलों और मदरसों में बचे दस प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण 22 दिसंबर तक पूरा करना है। एसीएमओ अशोक कुमार ने बताया कि 22 दिसंबर तक स्कूलों और मदरसों में टीकाकरण पूरा करने के आदेश दिए हुए हैं। 23 दिसंबर से छूटे बच्चों को घर-घर जाकर टीके लगाए जाएंगे।