रुड़की। घने कोहरे ने शहर से देहात तक के लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है। हालत यह हो गई है कि दोपहर में सूर्य देव के दर्शन हो रहे हैं। उसके बाद कोहरे की चादर बिछी रहती है। जिसकी वजह से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
सोमवार को भी आसमान ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। सुबह दिन निकलने के साथ-साथ कोहरा छा गया। इसके चलते अधिकतर लोग घरों से नहीं निकले। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग नजर आए। जरूरी कामों के लिए भी लोग ठिठुरते हुए निकले। दोपहर करीब 12 बजे धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली। शाम ढलते ही फिर क्षेत्र ने कोहरे की चादर ओढ़ ली। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी कम रही।
श्रीगंगानगर एक्सप्रेस सात घंटे लेट, दो ट्रेनें रद्द
रुड़की। घने कोहरे ने ट्रेनों के संचालन में ब्रेक लगा दिया है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चल पा रही हैं। सोमवार को श्रीगंगानगर से हरिद्वार जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस सात घंटे देरी से रुड़की स्टेशन पहुंची। अमृतसर से हरिद्वार जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से रुड़की पहुंची। हरिद्वार से अमृतसर जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस चार घंटे 30 मिनट देरी से पहुंची। जम्मूतवी से ऋषिकेश जाने वाली हेमकुंड एक्सप्रेस चार घंटे देरी से पहुंची। जोधपुर से हरिद्वार जाने वाली बाढ़मेर एक्सप्रेस पांच घंटे बाद रुड़की पहुंची। कोलकता एक्सप्रेस दो घंटे देरी से पहुंची। अमृतसर से देहरादून जाने वाली लाहोरी एक्सप्रेस भी दो घंटे की देरी से पहुंची । पटना से चंडीगढ़ जाने वाली पाटलीपुत्र एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से पहुंची। चंडीगढ़ सुपर फास्ट तीन घंटे देरी से पहुंची। लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली इलाहाबाद पैसेंजर व देहरादून पैसेंजर रद्द रही। स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा का कहना है कि कोहरे के चलते ट्रेनें लेट हो रही हैं।
बाड़मेर व ऊना हिमाचल 20 दिसंबर से 24 जनवरी तक रद्द
रुड़की। अंबाला कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर निर्माण कार्य के चलते 20 दिसंबर से 24 जनवरी तक 36 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। जिसके चलते ऊना (हिमाचल) से हरिद्वार जाने हरिद्वार एक्सप्रेस 20 दिसंबर से 24 जनवरी तक रद्द रहेगी। हरिद्वार से ऊना जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 22 दिसंबर से 26 जनवरी तक रद्द रहेगी। जोधपुर से हरिद्वार जाने वाली बाड़मेर एक्सप्रेस 20 दिसंबर से 24 जनवरी तक आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
बिजली गुल, डेढ़ सौ से ज्यादा गांवों के लोग रहे परेशान
लक्सर। रविवार सुबह बिजली की लाइन में फाल्ट आने से तहसील क्षेत्र के 150 से अधिक गांव के ग्रामीणों को लगभग 16 घंटे कटौती का सामना करना पड़ा। रविवार रात लगभग दस बजे के बाद आपूर्ति सुचारु हो पाई। इस दौरान ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का भी सामना करना पड़ा।