मंगलौर में स्कूली वाहनों की चालान काटते एआरटीओ।
- फोटो : ROORKEE
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शहर में 15 स्कूली बसों के चालान काटकर उन्हें कोर्ट को भेजा। कार्रवाई के दौरान दो बसों को सीज किया गया। एक बस का चालक शराब पीकर वाहन चला रहा था। इस कार्रवाई के दौरान डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
मंगलवार सुबह गुड़ मंडी के पास परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से स्कूली वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया गया। अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन जेएस मिश्रा और यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने कार्रवाई की। इस दौरान 15 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। दो बसों को कागजात पूरे न होने पर सीज किया गया। इन बसों को मंगलौर थाने में खड़ा कराया गया। इनमें से एक बस चालक शराब पीकर बस चला रहा था। यह बस झबरेड़ा स्थित एक स्कूल की थी। इस बस को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। दो स्कूली वैन भी सीज की गई। यह वैन प्राइवेट नंबर से स्कूली बच्चों को ढो रही थीं। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के दौरान डग्गामार वाहन सड़क से गायब रहे। यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि अधिकांश स्कूली बसों में स्पीड गवर्नर, जीपीएस किट, फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन सिलिंडर नहीं था। न ही महिला सहायक थी। बताया कि स्कूली बसों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।