ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। होली पर्व व चुनाव के मद्देनजर एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारी ने संयुक्त रूप से कस्बे की शराब की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने ठेकों पर रेट लिस्ट ठीक प्रकार से नहीं लगी होने पर नाराजगी जताई। साथ ही शराब का बिल ग्राहकों को उपलब्ध कराने के निर्देश सेल्समैन को दिए।
सोमवार को एसडीएम सोहन सिंह, सीओ राजन सिंह तहसीलदार सुनैना व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से होली व चुनाव के मद्देनजर कस्बे में स्थित शराब की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने सबसे पहले कस्बे के ट्रक यूनियन के निकट स्थित शराब के ठेके पर छापा मारा। यहां पर टीम ने ठेके के दस्तावेज देखने के साथ ही दुकान में रखा स्टाक भी चेक किया। उन्होंने दुकान पर ठीक प्रकार से रेट लिस्ट न लगी होने पर कड़ी नाराजगी जताई तथा साथ ही नई लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने कस्बे के हरिद्वार रोड मोहल्ले में स्थित शराब के ठेके पर छापा मारा। यहां पर तमाम दस्तावेज ठीक-ठाक पाए गए, लेकिन एसडीएम ने यहां पर भी रेट लिस्ट ठीक प्रकार से लगाने के निर्देश सेल्समैन को दिए। टीम ने इसके बाद कस्बे के गोवर्धन पुर रोड मोहल्ले में स्थित शराब के ठेकों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेल्समैन को निर्देश दिए कि कोई भी ग्राहक जब भी शराब खरीदते हैं तो वह उन्हें उसका बिल भी उपलब्ध कराएं। छापे की कार्रवाई के दौरान लक्सर के आबकारी निरीक्षक के न पहुंचने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी प्रकट की। टीम में राजेंद्र कुमार, पंकज कुमार, नरेश चौधरी आदि भी शामिल रहे। उधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद गौहर हयात के नेतृत्व में टीम ने पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाकर दस किलो पॉलीथिन व छह हजार छह सौ रुपये का जुर्माना वसूल किया।