रुड़की। नगर निगम की ओर से बीएसएम तिराहे पर 40 लाख रुपये से बनवाई जा रही सड़क एक ही बारिश में बह गई। इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि सड़क बनते ही बारिश होने से नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत निर्माण कार्य देख रही कंपनी ही करेगी।
नगर निगम सवा करोड़ की लागत से तीन मार्गों का नवीनीकरण करवा रहा है। बीएसएम तिराहे से मुख्य बाजार तक सड़क निर्माणाधीन है। इसका जिम्मा तीन अलग-अलग कंपनियों का दिया गया है। बीते सप्ताह हुई बारिश से बीएसएम तिराहे के पास बनी सड़क बह गई। इस संबंध में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट का कहना है कि सड़क के निर्माण के दूसरे दिन बारिश हो गई थी। जिसके कारण सड़क को नुकसान पहुंचा है। निर्माण कार्य कर रही कंपनी इस सड़क को दुरुस्त करेगी।
झबरेड़ा मंगलौर मार्ग की जांच पूरी
-ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद झबरेड़ा-मंगलौर मार्ग की जांच का काम पूरा हो गया है। गौरतलब है कि बीते साल डेढ़ करोड़ की लागत से झबरेड़ा मंगलौर मार्ग का नवीनीकरण हुआ था। मार्ग बनने के तीन माह बाद टूटना शुरू हो गया था। वर्तमान में मार्ग की हालत खस्ताहाल है। बीते माह ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से की थी। शिकायत पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सड़क की जांच के आदेश दिए थे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य कराने वाली सरकारी संस्था ने सड़क के टूटने के मामले की जांच की है। सरकारी संस्था ने जांच रिपोर्ट ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंप दी है।
पीरपुरा में जलभराव से हो रही दिक्कत, निरीक्षण
रुड़की। जलभराव से हो रही परेशानी को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने पीरपुरा गांव का दौरा किया। इस दौरान पाया गया कि एक पक्ष के मार्ग पर मिट्टी फेंकने से पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई। इससे गांव में जलभराव होे रहा है।
कुछ दिन पूर्व पीरपुरा के ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से गांव में हो रहे जलभराव की शिकायत की थी। मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन नए इस बाबत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को पत्र भेजा गया था। सोमवार को इसका संज्ञान लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने गांव पहुंच कर ग्रामीणों से जानकारी ली। इस दौरान पाया गया है कि एक पक्ष के लोगों ने मिट्टी डालकर रास्ते को ऊंचा कर दिया है। इससे पानी जाने का रास्ता बंद हो गया है। जबकि पहले यहीं से गांव आदि का पानी रजवाहे में चला जाता था। अब रास्ते पर मिट्टी डालने से पूरी निकासी अवरुद्ध हो गई है। रजवाहे के काफी हिस्से को भी मिट्टी से पाट दिया गया है। इससे गांव के कई परिवारों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि मंगलौर विधायक ने अपनी निधि से मिट्टी उठान आदि के लिए सहयोग देने की बात कही है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। ब्यूरो