रुड़की। ग्राम पंचायत राज विभाग ने सामाजिक न्याय दिवस से ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत की है। विभिन्न गतिविधियों के साथ मनाया जाने वाला ग्राम स्वराज अभियान चौदह अप्रैल से लेकर पांच मई तक चलेगा। जिसमें ब्लाक स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
शनिवार को खंड विकास कार्यालय में ग्राम पंचायत राज विभाग के ग्राम स्वराज अभियान का शहर विधायक प्रदीप बत्रा और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने संयुक्त रूप से शुरूआत की। शनिवार को डॉ. आंबेडकर की जयंती पर इस योजना की शुरूआत सामाजिक न्याय दिवस के रूप में की गई। इस दौरान झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए इस अभियान को मील का पत्थर बताया। वहीं विधायक प्रदीप बत्रा ने भी जनहित में चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। शनिवार को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाने के बाद 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी भी स्वच्छता अभियान चलाएंगे। 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस के रूप में मनाते हुए एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया जाएगा। 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के बारे में जानकारी दी जाएगी। 28 अप्रैल को ग्राम स्वराज दिवस, 30 अप्रैल आयुष्मान भारत दिवस, दो मई को किसान कल्याण दिवस और पांच मई को आजीविका दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। वहीं बालिकाओं को गौरा देवी कन्याधन आदि योजनाओं के चैक भी वितरित किये गये। इस दौरान खंड विकास अधिकारी मनवेंद्र कौर, एडीओ पंचायत सुखबीर सिंह चौहान, कृष्णवीर सैनी, समाज कल्याण अधिकारी रेनू सैनी, नरेंद्र सिंह, पंकज नंदा, मोहित, शक्ति सिंह राणा, हेमलता आदि लोग मौजूद रहे।
तो क्या विधायक जी देना होगा महिला मोर्चा को धरना-
ब्लॉक में जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ, तो भाजपा की दो महिला कार्यकर्ताओं ने झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल से अचानक सवाल कर दिया कि विधायक जी क्या महिला मोर्चा को अपनी बात कहने के लिए धरना देगा पड़ेगा। महिलाओं का कहना था कि कई बार उन्हें फोन किया जाता है, लेकिन उनका पीए एक-एक मिनट करते हुए बात कराने में महीनों लगा देता है। वह क्या करे। जिस पर विधायक ने हंसी कर मामले को टाल दिया और कहा कि व्यस्तता के चलते कई बार बात नहीं हो पाती है, लेकिन सभी की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।