रुड़की। मिड डे मील की जानकारी प्रतिदिन विभाग को दिए जाने के आदेश दिए गए हैं । यह जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को प्रतिदिन एसएमएस से विभाग को देनी होती है लेकिन यह जानकारी मुहैया नहीं कराई जा रही है। इसी को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने सख्त नाराजगी जताते हुए खंड और उपखंड शिक्षा अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं ।
मिड डे मिल को लेकर तरह-तरह के आरोप शिक्षकों और ग्राम प्रधान पर लगते रहे है। सबसे अहम आरोप होता है कि शिक्षक बच्चों की ज्यादा उपस्थिति दिखाकर पैसों का गबन करते हैं। इन आरोपों को देखते हुए पिछले दिनों विभाग ने आदेश जारी किए थे कि प्रधानाचार्य को प्रतिदिन मिड डे मिल की जानकारी एसएमएम से विभाग को देनी होगी ताकि समय-समय पर जांच कर सच सामने लाया जा सके, लेकिन इसके प्रति स्कूलों के प्रधानाचार्य सजग नहीं है। आलम यह है कि 24 मार्च को लक्सर ब्लाक से 19 प्रतिशत, खानपुर से 45 प्रतिशत, बहादराबाद से 51 प्रतिशत, रुड़की से 52 प्रतिशत, नारसन से 67 प्रतिशत और भगवानपुर से 80 प्रतिशत स्कूलों से ही मिड डे मील की जानकारी विभाग को दी गई हैं। जिसके चलते गुरु जी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी खंड और उपखंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किए है कि वह व्यवस्था का पालन कराये।