लक्सर। रायसी से गांव लौट रहे दो युवकों से चार हथियारबंद बदमाशों ने करीब पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, जिन्हें आता देखकर बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस छानबीन कर रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुरखुर्द गांव निवासी दीपक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 21 अगस्त को करीब ढाई बजे रायसी बस स्टैंड पर अपने चाचा को बस में बैठाने आया था। इसके बाद वह रायसी में ही आधारकार्ड सेंटर से अपना आधार कार्ड लेकर घर लौट रहा था। उसने बताया कि लौटते वक्त गांव का ही मनीष भी बाइक पर बैठ गया। रास्ते में चार हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया तथा उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दीपक का आरोप है कि बदमाशों ने उसकी जेब से 56 सौ रुपये और एक मोबाइल फोन छीन लिया। शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण दौड़े। बदमाशों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दीपक ने तहरीर में बताया कि लूटपाट करने वालों में एक आरोपी को उसने कुछ दिन पहले क्षेत्र के आधार कार्ड सेंटर पर देखा था। कोतवाली के एसएसआई हरिओम राज चौहान ने बताया की दीपक की तहरीर पर नीरज पुत्र नत्थू सिंहग्राम खद्दन सयाली कोतवाली चांदपुर जनपद बिजनौर को नामजद करते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।