विशाल चौधरी, रुड़की
50 हजार से अधिक का बकाया बिल जमा नहीं करने वाले शहर और आसपास के क्षेत्रों के सात हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर ऊर्जा निगम ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 70 करोड़ रुपये बकाया है। सहायक महाप्रबंधक ने अधिशासी अभियंताओं को आदेश जारी कर कहा है कि 50 हजार से अधिक के बकायादार उपभोक्ताओं की पीडी (परमानेंट डिस्कनेशन) की जाए। इसके बाद भी अगर वे बकाया बिल जमा नहीं करते है तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाए।
ऊर्जा निगम ने इस महीने 100 करोड़ से अधिक का बकाया भुगतान वसूलने के आदेश अधिकारियों को दिए है, क्योंकि बीते महीने में ऊर्जा निगम वसूली में पिछड़ गया था। लिहाजा इस बार लक्ष्य में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही अधिकारियों ने वसूली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सहायक महाप्रबंधक अमित कुमार ने सभी अधिशासी अभियंताओं को आदेश जारी कर कहा है कि अपनी-अपनी डिवीजन के 50 हजार से अधिक के बकाएदारों के खिलाफ पीडी करें। आंकड़ों के अनुसार, रुड़की कार्यालय के अंतर्गत आने वाली चारों डिवीजन में 7,800 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके ऊपर 50 हजार से अधिक का बिल बकाया चल रहा है। इन पर कुल 70 करोड़ 89 लाख बकाया है। विभागीय कार्रवाई के अनुसार, सबसे पहले एक मौका देते हुए उपभोक्ताओं की पीडी की जाएगी। इसके बाद भी यदि कोई उपभोक्ता बकाया जमा नहीं करता है तो सेक्शन ए का नोटिस देते हुए उपभोक्ताओं को एक माह के अंदर बकाया जमा करने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद सेक्शन बी की कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी को इन उपभोक्ताओं के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की संस्तुति होगी।
सभी अधिशासी अभियंताओं को 50 हजार से अधिक के बकाया वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ पीडी की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सेक्शन ए और बी की कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी को कुर्की की संस्तुति की जाएगी।
-अमित कुमार, सहायक महाप्रबंधक, ऊर्जा निगम