हत्यारे के परिजनों की तलाश में सहारनपुर पहुंची पुलिस
रुड़की। लव्वा (भगवानपुर) गांव में नरसंहार करने वाले प्रताप सिंह ठाकुर कहां का रहने वाला था, इसकी ठीक-ठीक जानकारी पुलिस को भी अभी तक नहीं है। हालांकि ग्रामीणों से की गई पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि प्रताप का परिवार सहारनपुर में रहता है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि प्रताप, जिस राज सिंह के परिवार के साथ रह रहा था उनके पास भी उसकी निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं हैं। परिवार में बच्चों को तो उसके बारे में ज्यादा कुछ पता ही नहीं है। ग्रामीण भी उसके बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। यह पता चला है कि प्रताप सिंह ने शादी की है, लेकिन पत्नी को लेकर न तो वह कभी गांव आया और न वह गांव से कहीं बाहर जाता था।
इनसेेट
परिवार की स्थिति
राजसिंह के परिवार में पहले उसकी पत्नी बबली, बेटा प्रदीप, दूसरा बेटा अजय, बेटी मानसी, आरती और लक्ष्मी थे। माता-पिता और बेटे की हत्या होने के बाद अब परिवार में एक दूसरा बेटा और तीन बहनें शेष हैं। इन तीन बहनों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई हैं।
इनसेट
गुस्सैल प्रवृति ने बनाया हत्यारा
गांव के लोगों का कहना है कि प्रताप शुरू से ही गुस्सैल प्रवृत्ति का था। बात-बात पर वह झगड़ा करने पर उतारु हो जाता था, लेकिन राजसिंह उस पर विश्वास करने लगा था। उसका अंधा विश्वास यह भांपने में नाकाम रहा कि प्रताप कभी भी घातक कदम उठा सकता है। आखिरकार ऐसा ही हुआ।