दिल्ली रूट की आठ बसों में 28 जुलाई से नहीं मिलेगा ऑनलाइन टिकट
यात्रा को देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से उठाया गया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज प्रशासन की ओर से दिल्ली रूट की आठ बसों में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग 28 जुलाई से 15 अगस्त तक बंद रहेगी। इसके लिए रोडवेज मुख्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान ऋषिकेश से हरिद्वार होकर दिल्ली जाने और वहां से आने वाले बसों का 28 जुलाई से रूट परिवर्तन हो सकता है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ियों के दबाव के कारण पुलिस की ओर से वाहनों को हरिद्वार और अन्य स्थानों से डायवर्ट किया जाता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज प्रशासन की ओर से ऋषिकेश से वाया हरिद्वार होकर दिल्ली मार्ग पर संचालित होने वाली चार लंबी दूरी बसों और दो वोल्वो और दो एसी बसों के ऑनलाइन टिकट की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। इस दौरान यात्रियों को ऑफलाइन टिकट लेना होगा।
पुलिस की ओर से जिस रूट पर बसों को भेजा जाएगा उसी रूट का टिकट बनेगा। इस बार दिल्ली जाने के लिए रोडवेज मुख्यालय की ओर से देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बसों के संचालन की योजना बनाई जा रही है। इस अवधि के दौरान दिल्ली-उत्तरकाशी, दिल्ली-घनसाली, दिल्ली-गुप्तकाशी, दिल्ली-गोपेश्वर मार्ग पर बसों के दिल्ली से ऋषिकेश तक के ऑनलाइन टिकट नहीं बनेंगे। जबकि ऋषिकेश घनसाली, गोपेश्वर, गुप्तकाशी, उत्तरकाशी के ऑनलाइन टिकट बन सकेंगे।
-
कोट-
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली से वाया हरिद्वार होकर जाने वाले बसों का ऑनलाइन टिकट 28 जुलाई से 15 अगस्त तक नहीं बनेगा। जबकि ऋषिकेश से पर्वतीय क्षेत्रों घनसाली, गोपेश्वर, गुप्तकाशी, उत्तरकाशी के ऑनलाइन टिकट बन सकेंगे। - अंजलिका शर्मा, प्रभारी सहायक महाप्रबंधक, रोडवेज ऋषिकेश डिपो