वसंतोत्सव के तहत स्व. कमल नारायण मिश्र स्मृति दंगल प्रतियोगिता में हरियाणा के उमेश पहलवान अव्वल रहे। उन्होंने सर्वाधिक सात हजार की कुश्ती जीती। लाडो पहलवान ने दूसरा स्थान हासिल किया। नगर पालिका प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार रणजीत सिंह रावत ने अव्वल पहलवानों को ईनाम की धनराशि बांटी। आयोजन समिति के शिव मोहन मिश्र और ललित मोहन मिश्र ने बताया कि दंगल प्रतियोगिता में अव्वल रहे हरियाणा के पहलवान उमेश ने कुल तीन कुश्तियां जीती।
उन्होंने 2100 रुपये की पहली कुश्ती में जलालाबाद के सादिक पहलवान को हराया। दूसरी 5100 की कुश्ती पहलवान गौरव से जीती। दूसरे स्थान पर रहे लाडो पहलवान की पहली कुश्ती दिल्ली के गौरव से हुई। दोनों के बीच यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। लाडो ने दूसरी 2500 की कुश्ती हिमाचल के पहलवान शंकर से जीती।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 26 कुश्तियां खेली र्गइं। प्रतियोगिता में मेरठ, मुजफ्फरनगर, नेपाल, पंजाब, रोहतक, दिल्ली, कुरुक्षेत्र आदि स्थानों से पहलवान शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा नेता गोविंद अग्रवाल, दिनेश कोठारी, ज्योति सजवाण, विनय उनियाल, अभिषेक शर्मा आदि मौजूद थे।
पहलवान प्रदीप रहे आकर्षण के केंद्र
कुश्ती में शामिल हुए हरिद्वार के पहलवान प्रदीप शास्त्री के हैरतअंगेज कारनामे आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर से ट्रैक्टर क्रॉस कराया। उन्होंने छाती से रस्सा बांधकर ट्रैक्टर खींचा और ईंटें हवा में उछालकर छाती से ईंटें तोड़ी।