ऋषिकेश। आईएसबीटी परिसर से हजारों की नकदी और अन्य दस्तावेज चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने महिला गैंग की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि बीते 10 जुलाई को अनुसुइया शर्मा निवासी, कैलाशगेट मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि वह आईएसबीटी से ऋषिकेश से देहरादून जा रही थीं। जब वह बस अड्डा से बस में सवार होने वाली थी, तो किसी अज्ञात ने उनके बैग जो कि उनके कमर पर लटका था की चैन खोलकर उससे उनका पर्स, नगदी एवं अन्य कागजात चोरी कर लिए। इस दौरान उनके पीछे दो-तीन महिलाएं थीं। जैसे ही वे बस में चढ़ रही थीं तो पीछे से उन्हें किसी ने धक्कामार दिया। जिससे वह बस में नहीं चढ़ सकीं। उसके बाद उसने अपने सामान की तलाशी की तो उनका पर्स और अन्य दस्तावेज गायब मिले। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। छानबीन व मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने छोटी सब्जी मंडी ऋषिकेश के पास से कविता (40), बबीता (26), सोमवती (20), निवासी झुग्गी झोपड़ी, रेलवे स्टेशन के पीछे, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। पुलिस को आरोपियों के पास से चोरी किए हुए तीन हजार रुपये व अन्य दस्तावेज बरामद हुए।