ऋषिकेश। बारिश होने से गोविंदनगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में पुराना कूड़ा (लीगेसी वेस्ट) के समाधान में दिक्कत आ रही है। बारिश के कारण कूड़ा गीला होने से कूड़ा पृथक्कीकरण का काम ठप रहा। अब जब तक कूड़ा नहीं सूखता तब तक निगम को कूड़ा निस्तारण का इंतजार करना पड़ेगा। ऐसे में मानसून सीजन के बाद ही कूड़े का निस्तारण शुरू हो पाएगा।
गोविंद नगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड से पुराना बेकार कूड़ा (लीगेसी वेस्ट) को अलग-अलग करने के लिए लगाए प्लांट का मेयर अनीता ममगाईं ने एक जुलाई को उद्घाटन किया था। करीब 40 साल से यहां पर तत्कालीन नगर पालिका के समय से कूड़ा डाला जा रहा था। जिससे वहां पर कूड़े के पहाड़ बनने शुरू हो गए थे। इस कूड़े के ढेर से बरसात में बारिश होने से बदबू चलने के बाद स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। अब मानसून की पहली बारिश से गोविंदनगर स्थित प्लांट में कूड़े के पृथक्कीकरण का काम बंद हो गया है। गीले कूड़े से बदबू भी उठने लगी है। भले ही नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि जिस एजेंसी को कूड़ा पृथक्कीकरण का काम सौंप रखा है वह कूड़े के ढेर पर दवाओं का छिड़ाकाव कर रही है जिससे किसी प्रकार की बदबू न फैले। ट्रंचिंग ग्राउंड में करीब एक लाख मिट्रिक टन से अधिक कूड़ा जमा है।
बारिश होने से फिलहाल कूड़ा पृथक्कीकरण का काम नहीं हो पाया। बारिश के कारण कूड़े के गीले होने के कारण उठने वाली बदबू को रोकने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था की ओर से दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। फिलहाल सूखे कूड़े का पृथक्कीकरण किया जाएगा।
- विनोद लाल सहायक नगर आयुक्त