राजकीय चिकित्सालय में घायल महिला का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल मिले मां-बेटे को अपनी गाड़ी से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। महिला अपने बेटे के साथ देहरादून से स्कूटी से ऋषिकेश अपने भाई के घर आ रही थी।
सोमवार को दोपहर 12:30 बजे के करीब गीता रावत नेहरू ग्राम, देहरादून से रक्षाबंधन त्योहार मनाने के लिए अपने बेटे पुत्र बॉबी के साथ स्कूटी से ऋषिकेश अपने भाई के घर आ रही थी। जंगलात चौकी के समीप महिला की स्कूटी सड़क किनारे पड़ी बजरी पर रपट गई। इसी दौरान डोईवाला से ऋषिकेश की ओर जा रहे फ्लीट में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गाड़ी रोकी और चोटिल मां-बेटे को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने महिला व उसके बेटे का उपचार किया। फिलहाल महिला की हालत में अब सुधार है। बेटे को हल्की खरोंच आई है।