मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य को देश में विकसित और मजबूत राज्य बनाने के लिए सशक्त योजनाएं बनाने का प्रयास किया जाएगा। जनभावनाओं के अनुरूप राज्य को विकसित किया जाएगा। राज्य पर अभी 45 हजार करोड़ का कर्ज है।
सरकार दृढ़ता से समस्याओं का निराकरण करेगी और जनता के लिए भ्रष्टाचार मुक्त शासन देेगी। डोईवाला विकास में सबसे आगे नजर आएगा। मुख्यमंत्री सोमवार को ऋषिकेश रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका परिसर में भाजपा की ओर से आयोजित नागरिक अभिनन्दन समारोह में पहुंचे थे।
समारोह के दौरान मुस्लिम महिला सोनी कुरैशी ने देववाणी संस्कृत में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं की ओर से फूलमालाओं और नारेबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जनता से मिले बहुमत का सम्मान किया जाएगा।
प्रचंड बहुमत देने से वह स्थानीय जनता के ऋणी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के आचरण से ही उनकी पहचान प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही मेरा आवरण हैं, लिहाजा आवरण गंदा न हो, इसके लिए उनको सरकार को समझकर चलना होगा।
इस दौरान सीएम रावत ने कार्यक्रम स्थल पर हरेक कार्यकर्ता से उनके पास जाकर मुलाकात की और आभार जताया। समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष डबल सिंह भंडारी, वरिष्ठ भाजपा नेता करन बोरा, श्रवण प्रधान, संजय सिंह चौहान, सुनील उनियाल गामा, पूरण सिंह, राजेंद्र मनवाल, रामेश्वर लोधी, रवि पाल, बृजभूषण गैरोला, ताराचंद अग्रवाल, ईश्वरचंद अग्रवाल, विजय बख्शी, गीता सावन, अनुज गुप्ता, भारत गुप्ता, मनोज कांबोज, लच्छीराम लोधी, दरपान वोरा, ललित पंत आदि मौजूद थे।