खदरी में हाथी द्वारा रौंदी गई ग्रामीणों की फसल
- फोटो : RISHIKESH
खदरी के खादर क्षेत्र में हाथियों का उत्पात रुकने का नाम नहीं ले रहा। बीती रात हाथी ने खेतों में घुसकर ग्रामीणों की करीब सात बीघा धान की फसल रौंद डाली।
बीते शनिवार की हाथी खेतों में घुस गया। इससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने मशालें जलाकर और शोरगुल करके हाथी को जंगल की तरफ भगाया। हाथी की वजह से किसान राजेश शर्मा, ऊषा जुगलान, सुरेंद्र प्रसाद, जगदीश रयाल, राजेंद्र रयाल की फसलों को नुकसान पहुंचा।
कुछ समय पहले वन विभाग ने फसल सुरक्षा को देखते हुए रात के वक्त गश्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन हाथी धमका तो आधी रात में सुरक्षा के लिए कोई वनकर्मी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों राय सिंह, मोहर सिंह, सोहनलाल, मदन सिंह, अजय सिंह, ललित सिंह, हरि सिंह, धर्म सिंह आदि ने खुद ही खेतों में जाकर हाथी को जंगल की ओर भगाया।
वन्यजीवों की वजह से धान की फसल नष्ट होने की सूचना मिली है। इसका संज्ञान ले लिया गया है। हाथी को खेतों में जाने से रोकने के लिए खाई खुदान का कार्य किया जा रहा है।
-सुरेंद्र कुमार, वन दरोगा