राज्य गठन से कुछ साल पहले तक बोर्ड परीक्षाओं का समाज और गांव में अलग ही क्रेज हुआ करता था। पूरे गांव को पता रहता था कि किसका बच्चा बोर्ड परीक्षा देने जा रहा है या परीक्षा दे चुका है। जिसके बाद उसके परीक्षा नतीजों पर पूरे गांव की नजर रहती थी।
जौलीग्रांट और आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों बच्चे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ोवाला जौलीग्रांट में पढ़ते और दसवीं की परीक्षा देने पीआईसी डोईवाला जाते थे। तब साइकिल भी मुश्किल से बच्चों के पास होती थी। इसलिए एक दूसरे से लिफ्ट लेकर या पैदल ही पीआईसी परीक्षा केंद्र तक आवाजाही करते थे। तब अविभाजित यूपी के समय जितने परीक्षार्थी पीआईसी में बोर्ड पेपर देते थे। उससे कई गुना अधिक लोग परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े रहते थे।
परीक्षा के नतीजे घोषित होने पर रात में अंधेरे को चीरता हुआ स्कूटर या मोटरसाइकिल सवार अखबार लेकर गांव-गांव घूमता था। प्रथम श्रेणी आने वाले को उसके गांव ही नहीं आसपास के दर्जनों गांवों में विशेष सम्मान मिलता था। द्वितीय या तृतीय आने पर भी बच्चे, अभिभावक और शिक्षक खुश होते थे।
फेल होने वाले को कहा जाता था कि कुंभ का मेला नहीं है जो 12 साल में आएगा। अगले साल और मेहनत करना। जिसके बाद कई फेल होने वाले प्रथम श्रेणी में पास हो जाया करते थे। उस वक्त फेल होने वाला कोई भी बच्चा आत्महत्या या घर से नहीं भागता था।
-
खेती किसानी के साथ करते थे पढ़ाई
जौलीग्रांट, थानो, रानीपोखरी, अठूरवाला, कालूवाला, भानियावाला तब पूरी तरह से ग्रामीण परिवेश हुआ करता था। लोगों के पास सैकड़ों बीघा खेती और पशुपालन हुआ करता था। बड़ोवाला के पूर्व छात्र रहे राजकुमार पुंडीर ने कहा कि विद्यार्थी खेती किसानी में हाथ बंटाने के साथ पढ़ाई पर भी पूरा फोकस रखते थे। सभी बच्चे काफी तंदुरूस्त और नशे से दूर रहते थे। बड़ोवाला स्कूल सिर्फ हाईस्कूल तक हुआ करता था। इसलिए हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देते ही एक महीने में साइकिल सीखने की दूसरी परीक्षा से गुजरना पड़ता था। क्योंकि आगे की पढ़ाई के लिए पीआईसी डोईवाला तक जाने के लिए एक मात्र साधन साइकिल ही हुआ करती थी। कहा कि उस वक्त पीआईसी में पढ़ाई के लिए दर्जन भर से अधिक गांवों के बच्चों को एक दिन में करीब 15 किलोमीटर साइकिल चलानी पड़ती थी।
-
बड़ोवाला में पढ़ने वाले दर्जनों गांवों के बच्चे हाईस्कूल की परीक्षा देने और आगे की पढ़ाई के लिए पीआईसी जाते थे। ज्यादातर बच्चों के माता-पिता अनपढ़ और खेती किसानी से जुड़े थे। जो आगे की पढ़ाई के लिए किसी तरह पुरानी या नई साइकिल खरीदकर अपने बच्चों को देते थे। ज्यादातर बच्चों का ध्यान पढ़ाई या खेलकूद पर हुआ करता था। सभी बच्चे नशे से दूर थे। इसलिए उस समय के ज्यादातर बच्चे आज कई क्षेत्रों में आगे हैं। - मनोज नौटियाल, पूर्व छात्र बड़ोवाला और वर्तमान में प्रबंधक पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला