त्रिवेणी घाट में वाहन की धुलाई करने के लिए गंगा तट पर खड़ी कार।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। त्रिवेणीघाट में श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद अपने वाहनों की भी सफाई कर रहे हैं। जिन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। श्रद्धालु सीधे गंगा तट पर अपने वाहन ले जा रहे हैं। नहाने के बाद वे गंगा के जल से अपने वाहन की सफाई कर रहे हैं।
सोमवार को दोपहर दो बजे एक श्रद्धालु ने अपना वाहन त्रिवेणीघाट पार्किंग में खड़े करने के बजाय सीधे गंगा तट पर ही खड़ी कर दी। श्रद्धालु ने गंगा स्नान के बाद वाहन की भी गंगा जल से धुलाई कर दी। गंगा तट पर ये नजारा देख आसपास के लोग और श्रद्धालु हैरान हो गए। अन्य श्रद्धालु के काफी समझाने के बाद वाहन पार्किंग में खड़ा हुआ। स्थानीय लोगों ने कहा कि गंगा तट पर वाहनों के प्रवेश पर रोक है, उसके बाद भी कोई न कोई अपने वाहन को नो पार्किंग जोन और गंगा तट पर खड़ा कर देते हैं। त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी उत्तम रमोला ने बताया कि घाट पर पुलिस जवानों की तैनाती रहती है। श्रद्धालु कब अपना वाहन गंगा तट पर ले गया इसका किसी को पता नहीं चला।