हरिद्वार रोड पर आयोजित श्रीमद भागवत कथा का श्रवण करने उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़।
- फोटो : amar ujala
हरिद्वार रोड स्थित गंगा व्यू के पास श्रीशिवशंकर तीर्थयात्रा समिति की पहल पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथावाचक आचार्य रमेश चंद्र शास्त्री ने भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से रूबरू कराया।
आचार्य रमेश चंद्र शास्त्री ने कहा कि भगवान कृष्ण ने बाल्यावस्था में अनेक लीलाएं कीं। बाल्यावस्था में उन्होंने माखन चोरी लीला रचकर गोपियों के मन में परमात्मा के प्रति प्रेम भाव जागृत किया। गोवर्धन लीला रचकर उन्होंने देवराज इंद्र का अभिमान तोड़ कर बृजवासियों को समानता एवं समरसता का संदेश दिया।
शास्त्री ने कहा कि मनुष्य को अहंकार का त्याग कर परमात्मा की भक्ति करनी चाहिए। परमात्मा की भक्ति में ही उसका कल्याण निहित है। कथा के दौरान भगवान दास अग्रवाल, लक्ष्मी देवी, देवब्रत, काजल, पुष्पेंद्र, कविता, लक्ष्मी नारायण, संजय, रविंद्र अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, कुलदीप धारिया, राकेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।