वाहन भरने के बाद ट्रंचिंग ग्राउंड में घंटों इंतजार, कई इलाकों में नियमित उठान प्रभावित
ऋषिकेश। श्यामपुर गुमानीवाला स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर ताला लगने के बाद शहर की कूड़ा उठान व्यवस्था बेपटरी हो गई है। कूड़ा वाहन कई क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं लेकिन भरने के बाद उन्हें खाली कराने के लिए गोविंद नगर ट्रंचिंग ग्राउंड जाना पड़ रहा है। यहां घंटों इंतजार के कारण वाहन समय पर दोबारा कूड़ा उठाने के लिए नहीं लौट पा रहे हैं। इससे कई इलाकों में नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
मनीराम रोड निवासी पूनम देवी और मायाकुंड निवासी गीता सिंह व अमित सिंह ने बताया कि कूड़ा वाहन आने के बाद भी वाहन भरने पर उन्हें खाली कराने में काफी समय लग रहा है। इससे कई जगहों पर कूड़ा जमा हो रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि प्लांट पर ताला नहीं खुला तो आने वाले दिनों में शहर में कूड़े के ढेर बढ़ने के साथ ही समस्या बढ़ सकती है। बाजार क्षेत्र के दुकानदार भी परेशान हैं। रात में कूड़ा वाहन के इंतजार में दुकान के बाहर रखा कूड़ा वाहन नहीं आने पर सुबह फिर दुकान के भीतर रखना पड़ रहा है। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि ग्रामीणों से समस्या के समाधान को लेकर वार्ता का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं बन सकी। फिलहाल कूड़ा गोविंद नगर ट्रंचिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है। प्लांट खुलने पर इसे निस्तारण के लिए गुमानीवाला भेजा जाएगा।