एसडीआरएफ मुख्यालय सहित सभी पोस्टों पर विश्वकर्मा दिवस मनाया
जौलीग्रांट। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट और सभी पोस्टों पर विश्वकर्मा दिवस मनाते हुए विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजन कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन किया गया। टीम की ओर से आपदा राहत और बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले जीवन रक्षक उपकरणों जैसे कटर, रोप, लाइफ जैकेट, स्ट्रेचर, मोटर बोट सहित अन्य रेस्क्यू उपकरणों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजन किया गया। कमांडेंट अर्पण यदुवंश ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, तकनीकी कौशल और उपकरणों के अधिष्ठाता देव के रूप में पूजा जाता है। इसी भावना के अनुरूप वाहिनी की विभिन्न पोस्टों पर तैनात कार्मिकों ने रेस्क्यू उपकरणों और मशीनरी के सुरक्षित संचालन की कामना की ताकि आपदा के समय इनका पूर्ण दक्षता के साथ उपयोग करते हुए राहत व बचाव कार्य निर्बाध रूप से संचालित किए जा सकें।
एसआरएचयू जौलीग्रांट में श्रद्धापूर्वक मनाया गया विश्वकर्मा दिवस
जौलीग्रांट। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय में एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ विजय धस्माणा और कुलपति डॉ राजेंद्र डोभाल ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजन और यज्ञ में भाग लिया। धस्माणा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन और शिल्प का देवता और दुनिया का पहला इंजीनियर माना जाता है। पूजा के दौरान इंजीनियरिंग एवं मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग में उपयोग होने वाले औजारों, मशीनों एवं अन्य उपकरणों की साफ-सफाई कर उनका तिलक किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। डॉ प्रकाश केशवया, डीजीएम आरपीएस रावत, गिरीश उनियाल, रुपेश महरोत्रा आदि उपस्थित रहे।