दूधली-डोईवाला-मोथरोवाला मार्ग के चौड़ीकरण के लिए ग्रामीण शुक्रवार को ट्रैक्टर रैली निकालकर विधानसभा का घेराव करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।
सप्ताह भर से दूधली और आसपास के गांवों के लोग दूधली-डोईवाला मार्ग के अधूरे चौड़ीकरण को पूरा करने की मांग को लेकर आंदोलित है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी चौड़ीकरण लंबित पड़ा है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता गौरव सिंह ने कहा कि अधूरे सड़क चौड़ीकरण से लोग परेशान है। छोटी सड़क पर वाहनों की अधिकता से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है।
कहा कि भाजपा के नुमाइंदे इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को एकजुट होकर आंदोलन करना पड़ रहा है। गौरव सिंह ने कहा कि शुक्रवार को ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर गन्ना सेंटर दूधली के पास एकत्रित होंगे और वाया मोथरोवाला से होकर ट्रैक्टर रैली के माध्यम से विधानसभा घेराव और मुख्यमंत्री तक सड़क चौड़ीकरण की मांग का ज्ञापन पहुंचाने के लिए कूच करेंगे।