मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ऋषिकेश को जिला बनने में अभी वक्त लगेगा। जिला कब बनेगा यह तो मैं नहीं कह सकता, लेकिन प्रदेश में जिलों की मांग अभी सिर्फ नारों में हो रही है। नए जिलों के गठन के लिए सरकार जल्द ही होम वर्क करेगी।
सीएम ने कहा कि नोटबंदी से देश गड्ढे में जा रहा है। खासकर उत्तराखंड में नोटबंदी से अब तक पर्यटन को एक हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। इसकी भरपाई केंद्र सरकार को करनी चाहिए। सीएम रावत मंगलवार को ढालवाला में नरेंद्रनगर कांग्रेस कमेटी की पहल पर आयोजित वीर शिरोमणी माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने वीर माधो सिंह भंडारी के कार्यों से प्रेरणा लेकर युवाओं से देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी विभागों में होने वाली नियुक्तियों में महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा। महिला उत्थान के लिए स्वयं सहायता समूहों को पांच-पांच हजार की सहयोग राशि दी गई है।
भविष्य में यह राशि एक लाख की जाएगी। सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में मांगलिक गीत गाने वाली महिलाओं को पेंशन की सुविधा दी जाएगी। 2018 में 50 हजार नौ जवानों को उद्यमी बनाकर 2020 तक उन्हें सरकार की ओर से स्थाई रोजगार मुहैया कराएगा जाएगा।
सीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान ही केंद्र सरकार को उत्तराखंड की याद आती है। ऑल वेदर रोड केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त प्रस्ताव है। यह योजना को मैंने ही बनाई था और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से तीन बार इस बारे में बातचीत हुई थी।
चुनाव के समय में केंद्र सरकार ने बिहार को 25 लाख करोड़ का पैकेज देने का वादा किया था, लेकिन बिहार सरकार तब से टकटकी लगाए हुए है। सीएम हरीश रावत 15 मिनट तक जनता के बीच रहे। इस दौरान उन्होंने बच्चों, महिलाओ, बुजुर्गों और नौजवानों से हाथ मिलाकर उनका हालचाल जाना।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने उत्तराखंड में कांग्रेस सत्ता में दुबारा वापसी करेगी। क्योंकि भाजपा के पास विकास का मुद्दा नहीं है। भाजपा सिर्फ धर्म के आधार पर चुनाव लड़ती है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण, जगमोहन भंडारी, वीरेंद्र कंडारी, रमेश उनियाल, महावीर खरोला, राजपाल खरोला, जयपाल जाटव, जयेंद्र रमोला, मनोज द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।