गोवा में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक और विनिंग ट्रॉफी जीतकर लौटी उत्तराखंड की 40 प्लस फुटबॉल टीम का राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने सम्मान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल और विनिंग ट्रॉफी के साथ सम्मानित करते हुए इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया।
यूथ स्पोर्ट्स एजुकेशन फेडरेशन इंडिया की ओर से फिट इंडिया अभियान के तहत 26 से 28 सितंबर तक गोवा में ऑल इंडिया चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की 40 प्लस फुटबॉल टीम ने प्रतिभाग किया और सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए फाइनल में भी बाजी मारी। टीम ने स्वर्ण पदक के साथ विनिंग ट्रॉफी अपने नाम की। कुसुम कंडवाल ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर टीम संयोजक गोपाल रावत, कोच दिग्विजय सिंह तोमर, कप्तान दीपक बिष्ट और त्रिलोकनाथ गुप्ता समेत पूरी टीम को सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में शैलेंद्र कुमार अंथवाल, विजय शर्मा, अनिल रावत, शीशपाल सिंह पोखरियाल और यशवंत सिंह रावत आदि शामिल रहे।