नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त को मांग पत्र सौंपते पार्षद।
- फोटो : RISHIKESH
नगर निगम की ओर से जब्त किए गए यूनिपोलों को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गायब करने के मामले ने तूड़ पकड़ लिया है। शुक्रवार को अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद पार्षदों के एक दल ने सहायक नगर आयुक्त को दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आधा दर्जन पार्षदों का दल सहायक नगर आयुक्त से मिला और उनको ज्ञापन सौंपा। पार्षद मनीष शर्मा ने कहा कि बृहस्पतिवार को नगर निगम से जो तीन यूनिपोल ट्रक में लादकर गायब कर दिए गए हैं। इसकी अनुमति किसी भी सक्षम अधिकारी से नहीं ली गई।
उन्होंने कहा कि निगम परिसर से इस तरह अज्ञात लोगों का प्रवेश कर सामान लेकर जाना संभव नहीं है। पार्षद ने इसमें किसी निगमकर्मी के शामिल होने का अंदेशा जाहिर किया है। पार्षद राकेश मियां ने मांग की कि इस संदर्भ में जल्द ही बोर्ड की विशेष बैठक बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि अफसरों और कर्मचारियों की नाक के नीचे करीब साढ़े तीन लाख रुपये की कीमत के यूनिपोल गायब हो जाना शर्मनाक बात है। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त के जरिये नगर आयुक्त से दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, जगत सिंह नेगी, भगवान सिंह पंवार, शकुंतला शर्मा, राधा रमोला आदि उपस्थित रहे।