दून मार्ग पर सात मोड के समीप बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार देर शाम दून से ऋषिकेश की ओर से आ रही एक बाइक को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बेकाबू होकर मार्ग किनारे पलट गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त प्रवीण केस्टवाल (23) पुत्र विनोद निवासी श्यामपुर और प्रवेश कोठियाल( 22) पुत्र विद्यासागर कोठियाल निवासी हर्रावाला, दून हाल निवास रेलवे रोड, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। उपनिरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि हादसे में मृत युवक मनीराम रोड स्थित पंजाब सिंध क्षेत्र संस्कृत विद्यालय में 12वीं के छात्र थे। जो पढ़ाई के साथ त्रिवेणीघाट रोड पर तायल जनरल स्टोर में पार्ट टाईम जॉब भी करते थे।
हस्पतिवार को बाजार में साप्ताहिक अवकाश होने पर दोनों किसी काम से दून गए थे, देर शाम लौटते हुए हादसे का शिकार हो गए। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। सूचना पर अस्पताल पहुंचे साथी छात्र नरेश गैरोला, अमन रस्तोगी रोते बिलखते रहे।