संजीवनी हेली एंबुलेंस के माध्यम से दो गंभीर मरीजों को उपचार के लिए एम्स लाया गया है।
बृहस्पतिवार को जनपद चमोली से दुर्घटना में घायल विक्रम सिंह को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। विक्रम ऊंचाई वाले स्थान से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके सिर में गंभीर चोट आई थी। मरीज को न्यूरो सर्जरी विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. श्रीकांत व टीम हेम्स के नर्सिंग ऑफिसर वनै पाल की देखरेख में गौचर से एयरलिफ्ट कर एम्स ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी जनपद से एक प्रसूता को बीते बुधवार को उपचार के लिए एम्स लाया गया। महिला को अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या थी, जिससे प्लेटलेट्स काउंट कम बताई गई। जिला अस्पताल से महिला को एम्स रेफर किया गया था। प्रसूता को स्त्री रोग विभाग की शालिनी बोस, टीम एम्स की नर्सिंग ऑफिसर अनामिका की निगरानी में इमरजेंसी में भर्ती किया गया। प्रसूता का गायनी विभाग की डॉ. अमृता गौरव की देखरेख में उपचार चल रहा है।